राजू ठाकुर/निलेश धनकर
तखतपुर । माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल बरेला में मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी के दौरान स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही सामने आई है। मटकी बांधने के दौरान बिरगांव निवासी कक्षा सातवीं का छात्र वैभव जायसवाल हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया और उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम के लिए मटकी बांधने का काम चल रहा था। इसी दौरान छात्र हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आते ही छात्र बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हाईटेंशन तार के आसपास मटकी बांधने की अनुमति कैसे दी गई? विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां क्यों नहीं बरती गईं? यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

घटना के बाद छात्र के परिजन सदमे में हैं। वहीं, स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
