तखतपुर में महासमुंद के युवक की संदिग्ध मौत, हाउसिंग बोर्ड के पास नहर किनारे मिला शव।

राजू ठाकुर/निलेश धनकर

तखतपुर। क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना तखतपुर हाउसिंग बोर्ड के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान महासमुंद जिले के कुर्मी पारा निवासी हरिशंकर वैष्णव उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिशंकर वैष्णव लगभग 15 दिन पहले अपने मित्र दुष्यंत चंद्राकर के पास तखतपुर आया हुआ था। दुष्यंत चंद्राकर तखतपुर स्थित  शासकीय पॉलिटेक्निक  में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि हरिशंकर पिछले 15 दिनों से पॉलिटेक्निक के पास ही अपने मित्र के साथ रह रहा था।
बीती रात 8 बजे के करीब  किसी बात को लेकर हरिशंकर और उसके मित्र के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद हरिशंकर घर से बाहर  टहलने जाने की बात कहकर निकला था लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
अगली सुबह उसका शव तखतपुर हाउसिंग बोर्ड के पास  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नहर रोड किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला। शव की स्थिति को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है  जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडेय का कहना है कि प्रथम दृष्टि में यह मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

© 2024 POPATLAL | Design by @durgesheditor