राजू सिंह ठाकुर, निलेश धनकर
तखतपुर। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक को उसकी बहन द्वारा दर्ज कराए गए एक के मामले में लगातार दबाव बनाकर केस वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है। आरोप है कि प्रभावशाली परिवार से जुड़े आरोपी द्वारा न सिर्फ खुलेआम धमकियां दी गईं, बल्कि फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने तक की बात कही गई।

इस घटनाक्रम से पीड़ित युवक और उसका परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों से जानकारी के अनुसार ग्राम जरौंधा निवासी मनमोहन साहू ने ज्ञानदीप पाण्डेय पिता त्रेतानाथ पांडेय पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित युवक के अनुसार उसकी बहन द्वारा दर्ज कराए गए पुराने मामले के बाद से ही आरोपी लगातार समझौते का दबाव बना रहा है।
वहीं 23 मार्च को व्यवहार न्यायालय के बाहर आरोपी ने खुलेआम चेतावनी देते हुए कहा कि एफआईआर वापस लो, नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा। यह मामला यहीं नहीं रुका। 10 अप्रैल को जब छात्र अपने दोस्त के साथ तखतपुर जा रहा था, तब बीच रास्ते में उसे रोककर डराने की कोशिश की गई, जिससे वह घबराकर वहां से निकल गया।

सबसे चौंकाने वाली घटना 13 अप्रैल को सामने आई, जब सुबह करीब 11 बजे आरोपी ने फोन कर अश्लील गालियां दीं और केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी रिश्तेदारों को भी फोन कर दबाव बना रहा है। इस घटना से युवक और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।
