राजू ठाकुर/निलेश धनकर
तखतपुर। नगर के मनिहारी पुल के पास गुरुवार दोपहर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नारायण धुरी (70 वर्ष), निवासी आवास बरेला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोपहर को पुल से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। नजदीक जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंच गए।
मृत्यु के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोग अलग-अलग आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस के पहुंचने और जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा
