नगर सरकार से नाराज़ चौपाटी व्यापारी, विधायक से मिले, दुकानों की कीमत को लेकर जताई नाराज़गी।

राजू सिंह ठाकुर, निलेश धनकर

नगर के पुराना थाना क्षेत्र में चौपाटी का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना को लेकर हाल ही में व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में व्यापारियों को बताया गया कि चौपाटी में बनने वाली 8×8 आकार की दुकानों की नीलामी की जाएगी और प्रत्येक दुकान की कीमत लगभग 8 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
दुकान की कीमत सुनते ही व्यापारियों ने नाराज़गी जताई। उनका कहना था कि यह कीमत बहुत अधिक है और छोटे व्यापारियों के लिए इतनी राशि देकर दुकान खरीदना संभव नहीं है। व्यापारियों ने यह भी कहा कि पहले उन्हें आश्वासन दिया गया था कि चौपाटी का निर्माण खासतौर पर वहां पहले से व्यापार करने वालों के लिए किया जा रहा है और उन्हें कम कीमत पर दुकान उपलब्ध कराई जाएगी।


बैठक में संतोषजनक समाधान नहीं मिलने पर व्यापारी वहां से लौट आए और बाद में विधायक धर्मजीत सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। व्यापारियों ने विधायक को बताया कि निर्धारित कीमत उनके लिए बहुत ज्यादा है और वे इतनी महंगी दुकान नहीं खरीद पाएंगे।


व्यापारियों की बात सुनने के बाद विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया कि पहले निर्माण कार्य पूरा होने दिया जाए, उसके बाद उन्हें कम कीमत पर दुकान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक के आश्वासन के बाद व्यापारी फिलहाल शांत हो गए हैं।

इस संबंध में चौपाटी व्यापारी *बउवा देवांगन* ने बताया कि उन्हें नगर पालिका में बुलाकर दुकानों की कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई गई थी। उन्होंने कहा कि इतनी राशि देना उनके लिए संभव नहीं है।

© 2024 POPATLAL | Design by @durgesheditor