राजू सिंह ठाकुर, निलेश धनकर
नगर के गौरव पथ मार्ग पर सड़क किनारे लगाया गया ट्रांसफार्मर आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है। जानकारी के अनुसार एक्सिस बैंक द्वारा सड़क के बिल्कुल किनारे ट्रांसफार्मर स्थापित करा दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में चिंता का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरव पथ नगर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है। इसी मार्ग से धान मंडी और आसपास संचालित कई राइस मिलों तक प्रतिदिन भारी संख्या में धान से भरे ट्रकों व अन्य बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क के किनारे लगे ट्रांसफार्मर से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि भारी वाहन चालक की जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

इस मामले को लेकर नागरिकों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका की उदासीनता के कारण शहर में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सड़क किनारे अव्यवस्थित निर्माण और कब्जों के कारण कई स्थानों पर मार्ग संकरा हो गया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

नागरिकों का कहना है कि कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। पिछले एक वर्ष में अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल नोटिस जारी किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यही कारण है कि अतिक्रमण की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को संरक्षण मिलने के कारण अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे आम नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

नगरवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि गौरव पथ रोड पर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ सख्त व निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

