राजू ठाकुर/निलेश धनकर✍
तखतपुर।शादी जैसे पारिवारिक और खुशियों भरे कार्यक्रम के दौरान हिंसक घटना सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तखतपुर हाईस्कूल के पास स्थित पाल मंगलम भवन में आयोजित विवाह समारोह के दौरान रायपुर के टिकरापारा निवासी एक युवक पर अचानक हमला कर दिया गया। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में पीड़ित की उंगली कटकर अलग हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी युवक फरार हो गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकरापारा रायपुर निवासी विजय धनगर 5 फरवरी को एक शादी समारोह में शामिल होने पाल मंगलम भवन तखतपुर आए थे। समारोह के दौरान उनकी अजय पाली से आपसी बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था।

इसी बीच अजय पाली का पुत्र राज पाली उर्फ सोमू उम्र 23 वर्ष वहां पहुंचा और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी युवक ने धारदार वस्तु से विजय धनगर पर हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ की बीच की उंगली कटकर अलग हो गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।


