Headlines

चौक–चौराहों पर अलाव जलाना भूली नगर पालिका,कड़ाके की ठंड में जनता ठिठुरने को मजबूर।

तखतपुर क्षेत्र में दिसंबर के पहले सप्ताह से ही कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ठंड से बचाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस इंतज़ाम नहीं किए गए हैं, जिसके चलते प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की मांग तेज हो गई है। हाल ही में हुई सामान्य सभा की बैठक में भी पार्षदों ने प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई थी।

दिन के समय हल्की धूप से थोड़ी राहत जरूर मिलती है, लेकिन सुबह, शाम और रात का मौसम अत्यधिक शीतल बना रहता है। रात होते ही घना कोहरा गिरना शुरू हो जाता है, जिससे सुबह तक दृश्यता इतनी कम हो जाती है कि कुछ मीटर की दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो जाता है।

पिछले 24 घंटे के तापमान पर नज़र डालें तो गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को भी अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण रात की ठंड और अधिक बढ़ गई है। कोहरे की वजह से रात्रि के समय सड़कों पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं

प्रशासन की ओर से अब तक ठंड से बचाव के लिए कोई पहल नहीं की गई है। शहर के प्रमुख चौराहों पर न तो अलाव की व्यवस्था की गई है और न ही गरीबों एवं जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण शुरू किया गया है। इससे मजदूर, गरीब और राहगीर रात के समय सबसे अधिक परेशान हो रहे हैं, जिससे लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है, हालांकि दिन चढ़ने पर इसका असर कम हो जाएगा। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरेश सिंह ने बताया कि एक-दो दिनों में ठंड से बचाव और राहत के लिए अलाव सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ कर दी जाएँगी।

© 2024 POPATLAL | Design by @durgesheditor