Headlines

एनीकट पार करते समय बह गई चप्पल, पकड़ने के प्रयास में 38 वर्षीय युवक की डूबकर मौत

राजू ठाकुर/निलेश धनकर
तखतपुर। विंध्यासर एनीकट में  एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। एनीकट पार करते समय युवक की चप्पल पानी में बह गई, जिसे पकड़ने के प्रयास में वह तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस एवं SDRF की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश उर्फ हेतराम साहू  पिता शिवकुमार साहू  उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है जो पेशे से राज मिस्त्री था गुरुवार 23 जुलाई को शाम करीब 4 बजे वह विंध्यासर एनीकट पार कर रहा था उसी दौरान उनकी चप्पल पानी में बह गई। चप्पल को पकड़ने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे एनीकट के तेज बहाव में जा गिरे। देखते ही देखते वे गहरे पानी में डूब गया।


घटना की सूचना पर सकरी  पुलिस और SDRF की गोताखोर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग 6 बजे गोताखोरों ने मुकेश साहू का शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

© 2024 POPATLAL | Design by @durgesheditor